Nitya Samachar UK
ऋषिकेश, 25 जुलाई। टिहरी जनक्रांति के नायक और महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अमर शहीद श्रीदेव सुमन के बलिदान दिवस पर शनिवार को ISBT स्थित इंद्रमणि बडोनी कक्ष (राज्य आंदोलनकारी कक्ष) में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान पूर्व मेयर अनिता ममगाईं ने श्रीदेव सुमन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए अनिता ममगाईं ने कहा कि श्रीदेव सुमन ने टिहरी रियासत के निरंकुश शासन के खिलाफ संघर्ष करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी। उन्होंने कहा कि 84 दिनों की ऐतिहासिक भूख हड़ताल उनके अदम्य साहस, त्याग और संकल्प का प्रतीक है। उनका बलिदान उत्तराखंड की आने वाली पीढ़ियों को अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने और स्वाभिमान की रक्षा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
राज्य निर्माण सेनानी डी.एस. गुसाईं ने कहा कि श्रीदेव सुमन के सपनों का उत्तराखंड बनाने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने युवाओं से शहीदों के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित राज्य आंदोलनकारियों ने अमर शहीद श्रीदेव सुमन के बलिदान को नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।इस अवसर पर गंभीर मेवाड़, बलवीर नेगी सहित बड़ी संख्या में उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मौजूद रहे।

