
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:उत्तराखंड और पड़ोसी राज्यों की जनता के करोड़ों रुपए डकारने वाली एक फर्जी कोऑपरेटिव सोसाइटी का पौड़ी पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। जिसका नाम लोनी अर्बन मल्टी स्टेट सोसाइटी है। सोसाइटी का संचालक मीरा नगर ऋषिकेश निवासी गिरीश चंद बिष्ट है। जिसे पुलिस ने सहयोगी जगमोहन बिष्ट उसकी पत्नी उर्मिला बिष्ट निवासी मीरा नगर ऋषिकेश व कुमारी प्रज्ञा रावत कोटद्वार और विनीत सिंह निवासी लैंसडाउन के साथ गिरफ्तार किया है।
इन पांचो आरोपियों ने उत्तराखंड और पड़ोसी राज्यों की जनता के करीब 281 करोड रुपए डकार लिए है। जिस सोसाइटी के नाम पर आरोपियों ने रकम इकट्ठा की है वह सोसाइटी पूरी तरीके से फर्जी है। जांच में पता चला है कि सोसाइटी के खाते में अब केवल दो लाख रुपए जमा है। पांचो संचालकों ने मिलकर उत्तराखंड में 35 ब्रांच खोली है और इन 35 ब्रांचो पर चार हेड ब्रांच भी बनाई है। जिनकी देखरेख मीरा नगर ऋषिकेश निवासी मंगला देवी, तरुण मौर्य और विकास नगर निवासी सोनू के साथ गिरफ्तार उर्मिला बिष्ट करती है। गिरफ्तार संचालकों के कब्जे से पुलिस को दो महंगी कार बरामद हुई है। पौड़ी के पुलिस कप्तान लोकेश्वर सिंह ने बताया कि इस फर्जी सोसाइटी में सैकड़ो एजेंट काम करते हैं। जबकि गिरफ्तार पांचो संचालकों का कनेक्शन मुंबई की सागा संस्था के संचालक समीर अग्रवाल के साथ भी हैं।
समीर अग्रवाल दुबई में रहकर अपनी संस्था को संचालित करता है और भारत से एकत्रित होने वाली रकम को हवाला के जरिए विदेश मंगवाता है। समीर अग्रवाल को मुंबई निवासी आर के सेडडी, संजय मुदगिल और परीक्षित पारसी सपोर्ट करते है। अधिक जानकारी के लिए पुलिस की अग्रिम जांच शुरू हो गई है। जांच में और जो तथ्य सामने आएंगे उसे आधार पर आगे खुलासा किया जाएगा।