
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:ऋषिकेश के माया कुंड में एक संपत्ति पर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान एक युवक को लाठी डंडों से पीट कर घायल कर दिया गया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर हमलावरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत में पीड़ित ने एक महिला पर हमलावरों को भेजने और साजिश के तहत उसकी हत्या करवाने का आरोप भी लगाया है। पुलिस ने मामले में अपनी जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक मायाकुंड में संपत्ति विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच झगड़ा होने की जानकारी पर पुलिस पहुंची। पुलिस के सामने ही दोनों पक्ष गाली गलौज और झगड़ा करते हुए दिखाई दिए। इस दौरान गिरीश चंद्र जोशी ने पुलिस को बताया कि वह संबंधित संपत्ति पर पिछले करीब 17 सालों से काबिज है। उसके गुरु छोटू गिरी ने यह संपत्ति उसको दी है। इस संपत्ति पर एक महिला की नजर भी है। जो संपत्ति को हथियाने के लिए उसे पहले जान से मारने की धमकी दे चुकी है। संभवत महिला ने ही उसकी हत्या करवाने के लिए हमलावरों को भेजा है। स्थानीय लोगों के बीच बचाव करने पर ही उसकी जान बची है। हमलावर उसके गले में पहनी सोने की चेन, दुकान में रखें दो लाख दस हजार रुपए नकद, जरूरी दस्तावेज और काफी सारा सामान लूट कर फरार हो गए हैं।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक दर्शन प्रसाद काला ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले में अपनी जांच शुरू कर दी है।मामले की पूरी जांच त्रिवेणी घाट चौकी इंचार्ज को सौंपी गई है,हालांकि शांति व्यवस्था बनी रहे इसके लिए पुलिस संपत्ति पर अपनी नजर बनाए हुए हैं।