Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:आगामी कावड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से ऋषिकेश में पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कोतवाली परिसर में क्षेत्र के सीओ तुषार बोरा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापार संघ, टैक्सी यूनियन और ऑटो-विक्रम संघ के प्रतिनिधि और पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में सीओ तुषार बोरा ने बताया कि कावड़ मेले के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और अनावश्यक जाम की स्थिति से बचने के लिए वाहनों के संचालन की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई। व्यापारियों से अपील की गई है कि वे सड़कों पर अतिक्रमण न होने दें। ऋषिकेश से हरिद्वार के बीच चलने वाले टेम्पो कावड़ियों की आवाजाही संभालेंगे। स्थानीय नागरिकों और सवारियों की सुविधा के लिए शहर में पंजीकृत लगभग ढाई हजार ई-रिक्शा का संचालन किया जाएगा। कावड़ यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले सभी होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट में मांस, अंडा, लहसुन और प्याज युक्त भोजन पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। यात्रा मार्ग के सभी प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराना अनिवार्य कर दिया गया है।
सोशल मीडिया और साइबर मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलने से रोकने के लिए सीओ ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अफ़वाह या भ्रामक सूचना पर तुरंत प्रतिक्रिया न दें। उन्होंने कहा कि यदि कोई संदिग्ध मामला या अफ़वाह सामने आती है, तो तुरंत निकटतम थाने या ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी को सूचित करें। यात्रा के दौरान सुरक्षा और सहायता के लिए हर मुख्य चौराहे और गली में पुलिस तैनात रहेगी।

