


Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:त्रिवेणी घाट पर नगर निगम की पार्किंग में चल रहे ओवर रेटिंग के खेल पर नगर निगम ने बड़ा एक्शन लिया है। जांच के बाद नगर निगम ने पार्किंग के ठेकेदार पर जुर्माना लगाया है। जुर्माने के बाद भी ओवर रेटिंग का खेल बंद नही होने पर नियम अनुसार कड़ी कार्रवाई करने की ठेकेदार को चेतावनी दी है।Nitya samachar UK ने अवैध वसूली की खबर को प्रमुखता से दिखाया था।
बता दें कि त्रिवेणी घाट पर नगर निगम की पार्किंग में ठेकेदार लंबे समय से पार्किंग शुल्क में धांधली का धंधा चला रहा है। जिससे नगर निगम की बदनामी हो रही है और नगर निगम को राजस्व का भी नुकसान हो रहा है। फोर व्हीलर वाहन से पहले घंटे में लिए 30 रुपए की जगह 100 रुपए का शुल्क वसूल किया जा रहा है। इसकी खबर को Nitya Samachar UK ने प्रमुखता से दिखाया और इस ओवर रेटिंग के खेल को उजागर किया। मामले का संज्ञान नगर आयुक्त शैलेंद्र सिंह नेगी ने लिया और उन्होंने मामले की जांच नगर निगम के कर अधीक्षक को सौपी। कर अधीक्षक ने पार्किंग में जाकर पड़ताल करी। पार्किंग में खड़े वाहन चालकों से पार्किंग शुल्क के बारे में जानकारी हासिल की।
नगर आयुक्त शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि जांच में साफ हुआ है कि पार्किंग ठेकेदार के कर्मचारी ओवर रेटिंग कर शुल्क वसूल कर रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने निर्धारित शुल्क के संबंध में बड़ा बोर्ड भी नहीं लगाया है। इसलिए ठेकेदार पर पांच हजार का जुर्माना लगाया है। ठेकेदार को निर्धारित शुल्क वसूल करने की हिदायत भी दी है। हिदायत नहीं मानने पर ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

