
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। जनपद देहरादून में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ऋषिकेश पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून प्रमेंद्र डोबाल के निर्देशन में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने एक अंतरराज्यीय नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 किलो 520 ग्राम गांजा बरामद किया है। आरोपी बिहार से गांजे की खेप लेकर ऋषिकेश पहुंचा था और इसे स्थानीय स्तर पर सप्लाई करने की तैयारी में था।
जानकारी के अनुसार त्रिवेणी घाट चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विनेश कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम गोल मार्केट गली क्षेत्र में गश्त कर रही थी। तभी एक युवक पुलिस को देखकर घबरा गया और तेजी से वहां से निकलने का प्रयास करने लगा। युवक की संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया, जिसके बाद पुलिस ने उसके पास मौजूद काले रंग के पिट्ठू बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग के अंदर पन्नी में लपेटकर रखा गया 1 किलो 520 ग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और गांजा जब्त कर लिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू कुमार निवासी समस्तीपुर, बिहार के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से दरभंगा, बिहार का रहने वाला है। उसने यह गांजा दरभंगा से करीब 8 हजार रुपये में खरीदा था। आरोपी ने खुलासा किया कि ऋषिकेश के मायाकुंड क्षेत्र स्थित झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले सीताराम नामक व्यक्ति के कहने पर वह गांजे की यह खेप लेकर आया था।
पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। जांच में पता चला है कि वह पूर्व में पंजाब में भी जेल जा चुका है। पुलिस अब आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर सीताराम की तलाश में जुट गई है और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



