
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश,खैरीकलां के प्रधान चंद्रमोहन पोखरियाल से जुड़ा बोर्ड विवाद में प्रधान संगठन भी कूद गया है। संगठन ने इसे जिला पंचायत सदस्य की ओछी राजनीति बताया है। प्रधान चंद्रमोहन ने भ्रष्टाचार के आरोप साबित करने पर पद से इस्तीफा देने की बात कही है। आरोप गलत होने पर उन्होंने जिला पंचायत सदस्य से सार्वजनिक माफी की मांग भी की है।
मंगलवार को खैरीकलां में प्रधान संगठन के सदस्यों की बैठक हुई, जिसमें विधायक निधि के एक बोर्ड को लेकर उपजे विवाद का मुद्दा उठा। प्रधान चंद्रमोहन पोखरियाल ने निधि से सड़क का निर्मित होना बताया। नवनिर्मित सड़क पर उन्होंने प्रधान संगठन सदस्यों के साथ जिला पंचायत सदस्य पर छवि धूमिल करने का आरोप लगाया। प्रधान संगठन के प्रवक्ता सोबन सिंह कैंतुरा ने कहा कि यह महज पेंटर की गलती से हुआ, लेकिन जरा सी गलती पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाना अन्याय है। इस आरोप से पहले पुख्ता तथ्य होना जरूरी है। कहा कि मौजूदा दौर में खासकर ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों में भ्रष्टाचार की गुंजाइश न के बराबर है।
प्रधान संगठन के सदस्यों के साथ प्रधान चंद्रमोहन के समर्थकों ने जिला पंचायत सदस्य के खिलाफ प्रदर्शन भी किया।
मौके पर चकजोगीवाला के प्रधान भगवान सिंह मेहर, रायवाला से सागर गिरि, बलविंदर सिंह, हरपाल राणा, सोनी रावत, जयम शर्मा, गौतम राणा, शिव सिंह रांगड़, मातबर सिंह दुमोगा, जगदंबा राणा, राजेंद्र सिंह आदि शामिल थे।