





Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के शिवपुरी में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब नदी में स्नान करने गया हिमालयन बंजी कंपनी का एक कर्मचारी तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। सूचना मिलते ही SDRF ढालवाला की टीम मौके पर पहुंची और लापता युवक की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हरिश उनियाल (34) पुत्र परमानंद उनियाल, निवासी चौदह बीघा ऋषिकेश, मूल निवासी चाका गजा, थाना नरेंद्रनगर, हिमालयन बंजी कंपनी में कार्यरत हैं। बुधवार को वह अपने साथी बलजीत सिंह रेखी (40) पुत्र नरेंद्र सिंह नेगी, निवासी आलमबाग, लखनऊ के साथ अवकाश पर थे।
बताया गया कि दोनों शिवपुरी में चौकी के नीचे नदी में स्नान करने गए थे। इसी दौरान अचानक हरिश उनियाल का संतुलन बिगड़ गया और वह नदी की तेज धार में बहने लगे। साथी बलजीत सिंह ने तत्काल इसकी सूचना संबंधित पुलिस और राहत दल को दी।
सूचना मिलने के बाद SDRF ढालवाला टीम आवश्यक रेस्क्यू एवं सर्च उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची और नदी में तलाश शुरू की। टीम द्वारा नदी के संभावित स्थानों पर लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
घटनास्थल पर SDRF, जल पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीमें मौजूद हैं। संयुक्त रूप से लापता कर्मचारी की तलाश की जा रही है। नदी के तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच SDRF जवान लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटे हुए हैं।
फिलहाल हरिश उनियाल का कोई सुराग नहीं लग पाया है और उनकी तलाश जारी है।







