Nitya Samachar UK
ऋषिकेश, 26 जुलाई 2026। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर पूर्व मेयर अनीता ममगाईं ने अमर शहीद कैप्टन अमित सेमवाल स्मारक पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की और देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूत को नमन किया।
इस अवसर पर अनीता ममगाईं ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हमारे वीर जवानों ने विषम परिस्थितियों में दुश्मन को परास्त कर तिरंगे की आन, बान और शान को कायम रखा। कैप्टन अमित सेमवाल जैसे वीर सपूतों के बलिदान की बदौलत ही देशवासी सुरक्षित जीवन जी रहे हैं और राष्ट्र उनके इस बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा।
उन्होंने कहा कि शहीदों के परिजन पूरे समाज के लिए सम्मान के पात्र हैं। उनके सम्मान और कल्याण के लिए सभी को आगे आना चाहिए। साथ ही युवाओं से आह्वान किया कि वे कैप्टन अमित सेमवाल जैसे वीरों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र सेवा और देशभक्ति का संकल्प लें।
कार्यक्रम में पूर्व सैनिक एवं पार्षद वीरेंद्र रमोला, कैप्टन अमित सेमवाल के पिता तारादत्त सेमवाल, बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, शहीद के परिजन, स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर वीर शहीद को श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के अंत में कारगिल युद्ध के सभी अमर शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए तथा “भारत माता की जय” के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

