Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। सर्वहारा नगर (काले की ढाल) निवासी प्रदीप कश्यप की बिजली का करंट लगने से हुई आकस्मिक मृत्यु के बाद पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल पीड़ित परिवार से मिलने उनके आवास पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देते हुए हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया और पूरे मामले में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर नाराजगी जताई।
परिजनों ने प्रेमचंद अग्रवाल को बताया कि यह हादसा बिजली विभाग की कथित लापरवाही के कारण हुआ है। इस पर उन्होंने मौके पर मौजूद बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता, एसडीओ और कनिष्ठ अभियंता से घटना की विस्तृत जानकारी ली। साथ ही विभाग के सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर वी.के. सिंह से दूरभाष पर वार्ता कर पूरे प्रकरण की तत्काल जांच कराने के निर्देश दिए।
प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि मामले की जांच आज ही पूरी कर दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जाए। यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी की लापरवाही के कारण किसी परिवार का चिराग बुझना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने अधिशासी अभियंता शक्ति प्रसाद को निर्देशित किया कि पीड़ित परिवार के एक सदस्य को नियमानुसार रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को शासन के नियमानुसार मिलने वाला समस्त मुआवजा शीघ्र दिलाया जाएगा, ताकि परिवार को इस कठिन समय में आर्थिक सहायता मिल सके।
पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि यह घटना अत्यंत दु:खद और पीड़ादायक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे स्वयं इस पूरे मामले की निगरानी करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि पीड़ित परिवार को न्याय मिले। साथ ही उन्होंने दोहराया कि लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर दोषियों को बचने नहीं दिया जाएगा।
अंत में उन्होंने दिवंगत प्रदीप कश्यप को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

