Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (UTU) के कथित पेपर लीक प्रकरण को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने गुरुवार को कोयल घाटी, ऋषिकेश में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान NSUI और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का पुतला दहन किया और मामले में निष्पक्ष जांच व दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
NSUI महानगर अध्यक्ष हिमांशु जाटव ने आरोप लगाया कि UTU पेपर लीक प्रकरण ने उत्तराखंड की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उनका कहना था कि जब परीक्षाएं ही सुरक्षित नहीं हैं तो छात्रों का भविष्य कैसे सुरक्षित रहेगा। उन्होंने सरकार से मामले की समयबद्ध और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही आरोप लगाया कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है और सरकार शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाने में विफल रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि छात्रों को न्याय नहीं मिला तो NSUI पूरे प्रदेश में आंदोलन तेज करेगी।
युवा कांग्रेस महानगर अध्यक्ष हिमांशु कश्यप ने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है और शिक्षा व्यवस्था में लगातार हो रही अनियमितताएं युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय हैं। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस छात्रों की इस लड़ाई में NSUI के साथ मजबूती से खड़ी है और दोषियों को सजा मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।
वहीं युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव दीपक वर्मा और जिला उपाध्यक्ष विशाल स्नेह ने आरोप लगाया कि पेपर लीक केवल एक परीक्षा का मुद्दा नहीं, बल्कि लाखों युवाओं के सपनों से जुड़ा मामला है। उन्होंने सरकार से जवाब मांगते हुए कहा कि बार-बार ऐसी घटनाएं क्यों हो रही हैं और दोषियों को बचाने के बजाय उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो छात्र और युवा व्यापक जन आंदोलन करेंगे।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, पेपर लीक प्रकरण के दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और छात्रों के हितों की सुरक्षा की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को पूरे उत्तराखंड में और व्यापक रूप दिया जाएगा।
इस दौरान पूर्व प्रदेश महासचिव सौरभ वर्मा, छात्रसंघ उपाध्यक्ष आयुष तड़ियाल, कॉलेज इकाई अध्यक्ष गौरव जोशी, मानसी सती, मानव रावत, उदित झा, रिहान बंदौलिया, सृष्टि, शिवानी नेगी, सुजल थापा, दीपक कुशवाहा, अनमोल, सागर जोशी, प्रदीप कौशिक, भव्य रावत, इशांत, गौरव अग्निहोत्री, आशीष गुप्ता, वेदांग भट्ट, अतुल डोभाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नोट: यह खबर प्रदर्शनकारियों द्वारा लगाए गए आरोपों और उनके बयानों पर आधारित है। सरकार या संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

