Nitya Samachar UK
ऋषिकेश, 21 जुलाई। उत्तराखंड सरकार के शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा मंगलवार को ऋषिकेश में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने नगर के व्यापारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। व्यापारियों ने मंत्री के समक्ष नगर निगम ऋषिकेश द्वारा दुकानों का किराया अनियमित रूप से बढ़ाए जाने का मुद्दा उठाया और कहा कि अचानक बढ़े किराए से व्यापारियों में भारी असंतोष है।
व्यापारियों ने मांग की कि किराया वृद्धि की समीक्षा कर न्यायसंगत समाधान निकाला जाए। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सभी व्यापारियों की बात गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि मामले में अधिकारियों से वार्ता कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि किराया निर्धारण में किसी भी प्रकार की अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि किराए में विसंगतियां हैं तो उनकी जांच कराई जाएगी और नियमानुसार जो उचित किराया होगा, वही लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
इस अवसर पर व्यापार मंडल के महामंत्री एवं भाजपा जिला महामंत्री प्रतीक कालिया ने कैबिनेट मंत्री का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में भाजपा ऋषिकेश के जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल, युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्रा, पवन शर्मा, सुशील रस्तोगी, विमल ठाकुर सहित नगर के अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।

