Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। नगर निगम पार्षद एवं अधिवक्ता अभिनव सिंह मलिक ने सात मोड़ क्षेत्र में पेड़ों के कटान पर तत्काल रोक लगाए जाने का स्वागत किया है।
उन्होंने कहा कि सात मोड़ पर पिछले कई दिनों से लगातार पेड़ों का कटान किया जा रहा था, जिसका स्थानीय लोगों और पर्यावरण प्रेमियों द्वारा विरोध किया जा रहा था। बीते रोज प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का काफिला रोककर उन्हें पूरे मामले की जानकारी दी और पेड़ों के कटान पर रोक लगाने की मांग की।
अभिनव सिंह मलिक ने कहा कि राहुल गांधी ने लोगों की बात गंभीरता से सुनी और इस मुद्दे को संसद में उठाने का आश्वासन दिया। इसके बाद धामी सरकार बैकफुट पर आई और पेड़ों के कटान पर तत्काल रोक लगा दी गई। यह जनता के संघर्ष और राहुल गांधी की संवेदनशीलता की जीत है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसके जंगलों और पर्यावरण से है। विकास के नाम पर अंधाधुंध पेड़ों का कटान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। सरकार को पूरे मामले की जांच कर यह स्पष्ट करना चाहिए कि पेड़ों के कटान की अनुमति किस आधार पर दी गई थी।
अभिनव सिंह मलिक ने कहा कि राहुल गांधी ने एक बार फिर साबित किया है कि वे जनता की आवाज को सड़क से संसद तक उठाने वाले नेता हैं। सात मोड़ के लोगों की आवाज सुनी गई और सरकार को अपना फैसला रोकना पड़ा।

