
Nitya Samachar UK
मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में एक बार फिर पर्यटक की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। मॉल रोड क्षेत्र में देर रात एक पर्यटक ने स्थानीय दंपति पर प्लास्टिक के क्रेट से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों पर भी आरोपी ने हमला करने की कोशिश की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हरियाणा से आया एक पर्यटक किसी बात को लेकर स्थानीय दंपति से उलझ गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। गुस्से में पर्यटक ने पास की दुकान से प्लास्टिक का क्रेट उठाया और महिला के सिर पर जोरदार वार कर दिया। वार इतना तेज था कि महिला मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी। आरोपी ने महिला के पति पर भी कई बार हमला किया। जब आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो आरोपी उनके साथ भी हाथापाई पर उतर आया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी हरियाणा का निवासी है और घटना के समय शराब के नशे में था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घायल महिला को तत्काल उप जिला चिकित्सालय मसूरी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। फिलहाल महिला का इलाज जारी है और उसकी स्थिति पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वीडियो में पर्यटक का आक्रामक व्यवहार और महिला पर हमला स्पष्ट दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों पर सख्ती नहीं होने से उपद्रवी तत्वों के हौसले बढ़ रहे हैं।
व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मसूरी की अर्थव्यवस्था पर्यटन पर आधारित है और यहां आने वाले पर्यटकों का हमेशा स्वागत किया जाता है। लेकिन कुछ असामाजिक और नशे में धुत लोग शहर की शांति और कानून व्यवस्था को बिगाड़ने का काम कर रहे हैं। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं न केवल स्थानीय लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा हैं, बल्कि मसूरी की पर्यटन छवि को भी नुकसान पहुंचा रही हैं।
स्थानीय लोगों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि नशे में हुड़दंग, मारपीट और अभद्रता करने वाले पर्यटकों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाए, ताकि मसूरी की शांत और सुरक्षित पहचान बरकरार रह सके। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



