
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा की एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि विनोद शर्मा मुनि की रेती क्षेत्र में रात्रि ड्यूटी पूरी करने के बाद मंगलवार सुबह अपने निजी वाहन से शिवपुरी चौकी लौट रहे थे।इसी दौरान रास्ते में उन्हें अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद वाहन तक पहुंचकर विनोद शर्मा को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
चौकी प्रभारी की असामयिक मौत की खबर मिलते ही पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। सहकर्मियों ने उन्हें एक कर्तव्यनिष्ठ और मेहनती अधिकारी बताते हुए गहरा दुख व्यक्त किया। वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।



