
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। नेपाली फार्म स्थित उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी शहीद पार्क में क्षेत्रीय संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले चल रहा धरना-प्रदर्शन आज 77वें दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारियों ने शहीद पार्क में उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों की स्मृति में भव्य शहीद स्मारक निर्माण की मांग को लेकर अपना संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।
धरना स्थल पर लगातार आंधी और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण दो बार टेंट क्षतिग्रस्त हो चुका है। आगामी बरसात को देखते हुए आज अतिरिक्त त्रिपाल लगाकर व्यवस्था को मजबूत किया गया। समिति के सदस्यों ने निर्णय लिया कि आने वाले दिनों में एक बड़ा जन-जागरण एवं जन-सम्मेलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
समिति के संयोजक शीशपाल सिंह पोखरियाल ने कहा कि यदि सरकार समय रहते इस मामले का समाधान नहीं करती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। पहले क्रमिक अनशन तथा आवश्यकता पड़ने पर आमरण अनशन भी किया जाएगा।
उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा के प्रदेश महासचिव सुधीर राय ने कहा कि शहीदों के सम्मान का प्रश्न उत्तराखंड की अस्मिता और राज्य आंदोलन की विरासत से जुड़ा हुआ है।
भारतीय जन नाट्य संघ उत्तराखंड के संयोजक एवं राज्य आंदोलनकारी धर्मानंद लखेड़ा ने कहा कि शहीद पार्क में केवल उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों अथवा प्रदेश की महान विभूतियों की प्रतिमाएं ही स्वीकार्य होंगी।
पूर्व ग्राम प्रधान एवं पूर्व सैनिक एवं अर्ध सैनिक संगठन के पूर्व अध्यक्ष ब्लॉक रायवाला के पूर्व अध्यक्ष शंकर दयाल धनाई ने कहा कि नेपाली फार्म चारधाम यात्रा मार्ग का प्रमुख प्रवेश द्वार है। यहां उत्तराखंड आंदोलन के शहीदों का भव्य स्मारक बनने से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को राज्य आंदोलन के इतिहास और बलिदानियों के योगदान की जानकारी मिल सकेगी।
समिति सदस्य अरुण थपलियाल ने कहा कि आंदोलन को 77 दिन पूरे हो चुके हैं और अब अधिक से अधिक लोगों को इस जनहित के संघर्ष से जुड़ना चाहिए ताकि शहीदों की स्मृति को स्थायी सम्मान मिल सके।
जारीकर्ता:क्षेत्रीय संयुक्त संघर्ष समितिउत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी शहीद पार्क, नेपाली फार्म, ऋषिकेश



