
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश, 14 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर संगठन के आह्वान पर सोमेश्वर मंदिर परिसर में वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मेयर अनिता ममगाई ने कार्यकर्ताओं के साथ सहभागिता की।
“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पीपल, नीम, बरगद और विभिन्न फलदार पौधों का रोपण किया गया। वहीं “स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत” के संदेश के साथ मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान भी चलाया गया। कार्यकर्ताओं ने श्रमदान कर स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पूर्व महापौर अनिता ममगाई ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सतत विकास को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि नमामि गंगे, स्वच्छ भारत मिशन और नेशनल मिशन फॉर ग्रीन इंडिया जैसी योजनाओं ने देश को नई दिशा दी है। वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में देश ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। केंद्र सरकार महिलाओं, युवाओं और जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। सभी ने वर्षभर हर माह कम से कम एक पौधा लगाने और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।



