
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। आधी रात ऋषिकेश की सड़कों पर उस समय सनसनी फैल गई, जब पुलिस और दो शातिर बदमाशों के बीच फिल्मी अंदाज में मुठभेड़ हो गई। गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस पर फायरिंग कर फरार होने की कोशिश कर रहे दोनों बदमाश आखिरकार पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गए और गिरफ्तार कर लिए गए।
जानकारी के अनुसार, एसएसपी देहरादून के निर्देशन में चल रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस टीम क्षेत्र में देर रात चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए, जिन्होंने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। पुलिस ने उन्हें रोकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने रुकने के बजाय बैरियर को जोरदार टक्कर मार दी और तेज रफ्तार में श्यामपुर की ओर भाग निकले।
पुलिस टीम ने तुरंत पीछा शुरू किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग झोंक दी। अचानक हुई गोलीबारी से माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग की। कुछ ही देर में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी और उनका भागने का प्रयास नाकाम हो गया।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया। उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार किए गए दोनों बदमाश हाल ही में ऋषिकेश में हुई चर्चित फायरिंग की घटना में वांछित थे। आरोप है कि उन्होंने दो लोगों पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद से पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी।
घायल बदमाशों को कड़ी सुरक्षा के बीच राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ अस्पताल पहुंचकर पूरी जानकारी ली।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस मुठभेड़ को हाल के दिनों में ऋषिकेश पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
रात के सन्नाटे में चली गोलियां, पुलिस की जवाबी कार्रवाई और दो वांछित बदमाशों की गिरफ्तारी ने एक बार फिर साफ कर दिया कि दून पुलिस अपराधियों के खिलाफ पूरी सख्ती के साथ मैदान में उतरी हुई है।



