
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:पार्षद एवं युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव एडवोकेट अभिनव सिंह मलिक तथा युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव ऋषभ राणा ने हाल ही में संपन्न हुए युवा कांग्रेस संगठन चुनाव में निर्वाचित पदाधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष (परवादून) पद पर निर्वाचित गौरव भारती, ब्लॉक अध्यक्ष (बापू नगर) पद पर अंकित सजवाण, ब्लॉक उपाध्यक्ष (ऋषिकेश नगर) पद पर मयंक पाल तथा ब्लॉक महासचिव (रायवाला) पद पर निर्वाचित सचिन सैनी का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया।
अपने संबोधन में एडवोकेट अभिनव सिंह मलिक ने कहा कि युवा कांग्रेस हमेशा से युवाओं की आवाज को मजबूती देने वाला संगठन रहा है और नई टीम के जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी नव निर्वाचित पदाधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे तथा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देंगे।
वहीं, ऋषभ राणा ने कहा कि संगठन की मजबूती युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और युवा कांग्रेस के माध्यम से समाज के हर वर्ग की समस्याओं को प्रभावी तरीके से उठाया जा सकता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आमजन से लगातार संवाद बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान सभी निर्वाचित पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई और कहा कि वे पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
सभी विजयी प्रत्याशियों ने स्वागत एवं सम्मान के लिए एडवोकेट अभिनव सिंह मलिक एवं ऋषभ राणा का आभार व्यक्त किया तथा संगठन को मजबूत बनाने और जनता की सेवा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया, इस मौके पर आकाश,विशाल भारती,मानवेन्द्र मिश्रा, आर्यन आदि मौजूद थे!


