






Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:ऋषिकेश के गंगानगर में रहने वाले एक बुजुर्ग को डिजिटल अरेस्ट करने का मामला सामने आया है। ठगों ने 60 दिनों तक मानसिक रूप से बुजुर्ग को डिजिटल अरेस्ट के नाम पर उत्पीड़ित किया और 69 लाख रुपए की रकम ऑनलाइन अपने खातों में ट्रांसफर कराई। बुजुर्ग को जब खुद के साथ ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने मामले की जानकारी राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर दी और साइबर थाने को भी शिकायत देकर ठगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस ने मामले में जांच और कार्रवाई शुरू कर दी है।
गंगानगर गली नंबर 9 निवासी 81 वर्षीय भगवत नारायण झा और उनकी 74 वर्षीय पत्नी कमल झा ने बताया कि 17 नवंबर 2025 को उनके पास मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉलर ने खुद को प्रवर्तन निदेशालय साइबर क्राईम सेल और सर्वोच्च न्यायालय से संबद्ध अधिकारी बताया और डराते हुए कहा कि उनका आधार नंबर 10 करोड़ के अवैध लेनदेन से जुड़ा है। उन्होंने तत्काल गिरफ्तारी संपत्ति जपती एवं कारावास की धमकी दी। इसके बाद कॉलर ने उन्हें और उनकी पत्नी को व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर लगातार निगरानी में रखते हुए डिजिटल अरेस्ट किया। यही नही उनके आवागमन संवाद और दैनिक गतिविधियों को भी कॉलर ने अपने नियंत्रण में रखा। उनकी चार विवाहित बेटियों के परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी। इस मामले से छुटकारा पाने के लिए रकम देने का दबाव बनाया। मजबूरी में मानसिक दबाव से परेशान होकर उन्होंने एकमात्र भूमि को बेचकर 40 लाख ओर 29 लाख अलग से आरोपियों को दे दी।

फिलहाल मामले में पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और अग्रिम जांच और कार्रवाई शुरू कर दी है।










