






Nitya Samachar UK
देहरादून। उत्तराखंड जलवायु अनुकूल वर्षा आधारित कृषि परियोजना (यूसीआरआरएफपी) के अंतर्गत आज जलागम निदेशालय में पर्यावरण एवं सामाजिक अभिमुखीकरण विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारम्भ हुआ। इस कार्यशाला का उद्देश्य विश्व बैंक समर्थित परियोजना के तहत पर्यावरणीय एवं सामाजिक सुरक्षा प्रावधानों की समझ और प्रभावी क्रियान्वयन को सुदृढ़ करना है।
विश्व बैंक के विशेषज्ञ अनुपम जोशी एवं ईवा द्वारा विश्व बैंक पर्यावरण एवं सामाजिक ढांचा (ईएसएफ) तथा पर्यावरण एवं सामाजिक प्रबंधन ढांचा (ईएसएमएफ) पर तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। इसके साथ ही सामाजिक आयामों जैसे आदिवासी जनजाति योजना ढांचा, कार्यस्थल में लैंगिक समानता तथा यौन शोषण एवं उत्पीड़न पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यशाला में श्रम प्रबंधन प्रक्रियाओं, शिकायत निवारण तंत्र पर सत्र आयोजित हुए, जिनमें प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
कार्यशाला हाइब्रिड मोड में आयोजित की गई, परियोजना क्षेत्र के कार्मिक भी इसमें आनलाइन माध्यम से जुड़े। कार्यशाला में प्रमुख रूप से परियोजना निदेशक कहकशां नसीम, संयुक्त निदेशक डा. ए.के. डिमरी, उपनिदेशक डा. एसके सिंह, डा. डीएस रावत, डा. सिद्धार्थ श्रीवास्तव, अजय कुमार आदि उपस्थित रहे।










