
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:तीर्थनगरी में बनखण्डी क्षेत्र के निवासियों ने जल निगम से क्षेत्र में नई सीवर लाइन बिछाने की मांग की है । स्थानीय निवासियों का कहना है कि वर्तमान व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। जिससे उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बता दें कि उत्तराखंड जल निगम के परियोजना प्रबंधक (अनुरक्षण शाखा गंगा) को सौंपे गए पत्र में स्थानीय निवासियों ने बताया कि पूर्व में सीवर लाइन न होने के कारण कुछ संपत्ति स्वामियों ने निजी प्रयासों से एक छोटी लाइन डलवाई थी। यह लाइन पंकज गुप्ता की दुकान से दीपक अग्रवाल के मकान तक डाली गई थी। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि इस निजी लाइन को रोक दिए जाने के कारण पानी का ढाल उल्टा हो गया है। इसके चलते सीवर का गंदा पानी बैक मार रहा है और चैम्बर हमेशा बंद रहते हैं। इससे इलाके में दुर्गंध और बीमारियों का खतरा बना हुआ है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि पूर्व में जब बनखण्डी मार्ग से मुख्य हरिद्वार रोड तक लाइन बिछाई गई थी, तब इस छोटे से हिस्से को संभवतः भविष्य की योजना के लिए छोड़ दिया गया था। जो आज तक अधूरा है। निवासियों ने मांग की है कि यूको बैंक के पास स्थित जल संस्थान के पंप के सामने से लेकर पीपल के पेड़ के तिराहे तक नई सीवर लाइन बिछाई जाए।
निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे आगे की कार्रवाई के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से पंकज गुप्ता, बलवीर जैन, मनीष अग्रवाल, अशोक बंसल, प्रतीक ग्रोवर, संजय शर्मा, दीपक अग्रवाल, बालेंद्र पंवार और जगजीत सिंह सहित क्षेत्र के कई निवासी शामिल रहे।


