







Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:तीर्थ नगरी ऋषिकेश में आवारा सांडों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि अब लोगों को अपनी जान का खतरा भी सताने लगा है। आज आवारा सांडों ने पुराने टिहरी बस स्टैंड पर आपसी लड़ाई का ऐसा कोहराम मचाया कि लोगों को जान बचानी भारी पड़ गई।
सांडों ने आपस में लड़ते-लड़ते कई वाहनों को चपेट में लेकर क्षतिग्रस्त कर दिया। जबकि फुटपाथ पर लगी एक खाने की ठेली को भी टक्कर मारकर पलट दिया। सुबह-सुबह रोजी-रोटी के लिए निकले युवक का न केवल भोजन बर्बाद हुआ बल्कि ठेली भी टूट गई। लोगों ने किसी तरह सांडों की लड़ाई को रोकने के प्रयास किया लेकिन लाठी डंडे और उन पर डाला गया पानी नाकाफी साबित हुआ। काफी देर तक सांडों की लड़ाई चलती रही और लोगों के बीच आतंक बना रहा। काफी देर बाद जब सांड दूसरे क्षेत्र की ओर भागे तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। ऐसा नजारा केवल इसी क्षेत्र का नहीं है बल्कि शहर के तमाम इलाकों में देखा जा रहा है। तीन दिन पहले भी शिवाजी नगर में सड़क चलती एक महिला को सांड ने टक्कर मारकर हवा में उछाला था।
इन दोनो घटना के बाद लोगों का गुस्सा नगर निगम के खिलाफ सातवें आसमान पर है। लोगों का साफ कहना है कि या तो सड़कों से सांडों को हटाओ नहीं तो आंदोलन झेलने को तैयार हो जाओ।











