
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:उत्तराखंड सतर्कता अधिष्ठान की देहरादून सेक्टर टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ आज एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शिक्षा विभाग के एक अधिकारी और एक निजी स्कूल की संचालिका को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक सतर्कता सेक्टर देहरादून में पंजीकृत मुकदमे के तहत कार्रवाई करते हुए ट्रैप टीम ने धनवीर सिंह बिष्ट प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी डोईवाला और पुष्पांजलि स्वामी, उत्तरांचल मॉडर्न स्कूल को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। विजिलेंस के अधिकारियों ने बताया कि शिकायतकर्ता के स्कूल गंगा वैली जूनियर हाईस्कूल, ऋषिकेश में शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत पढ़ने वाले छात्रों की प्रतिपूर्ति के बिलों के भुगतान को पास करने की एवज में रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायतकर्ता की सूचना पर सतर्कता अधिष्ठान ने जाल बिछाया और आज टीम ने दोनों आरोपियों को रिश्वत की धनराशि ग्रहण करते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 संशोधित अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में अग्रिम जांच और कार्रवाई शुरू कर दी गई है फिलहाल आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के लिए भेजा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी आपसे किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो तुरंत सतर्कता अधिष्ठान के टोल-फ्री नंबर पर संपर्क करें। भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखंड बनाने में सहयोग दें।


