






Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:जनपद टिहरी की मुनिकीरेती नगर पालिका पर टेंडर प्रक्रिया में पक्षपात और परिवार वाद करने का आरोप कांग्रेस ने लगाया है। मामले में कांग्रेसियों ने नगर पालिका कार्यालय परिसर में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया है। पालिका प्रशासन को पक्षपात और परिवार वाद नहीं करने की सलाह दी है। सलाह नहीं मानने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
बता दें कि आज इंडियन यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अंशुल रावत के नेतृत्व में कांग्रेसी एकत्रित होकर मुनिकीरेती नगर पालिका कार्यालय परिसर पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका ने एक साल में केवल दो टेंडर किए हैं। दोनों ही टेंडर में पालिका प्रशासन ने पक्षपात और परिवार वाद को बढ़ावा दिया है। अंशुल रावत ने बताया कि पहले टेंडर पार्किंग के लिए किया गया। तकनीकी समिति के द्वारा दो निविदादाता पास होने के बाद पालिका अध्यक्ष ने अपने चहेते का निविदा पास न होने के कारण निविदा को निरस्त कर दिया। पूछने पर अपने विवेक की पावर का जवाब मिला। जिसकी वीडियो रिकॉर्डिंग उनके पास सुरक्षित है और जिलाधिकारी को भेजने की तैयारी है। जबकि जनवरी 2026 में निर्माण कार्य की निविदा खोली गई। जिसमें निविदा समिति के द्वारा दो तकनीकी निविदा दाता के पास होने की संस्तुति की गई। आरोप लगाया कि उक्त निविदा में पालिका अध्यक्ष ने सेटिंग की और अपने पसंदीदा ठेकेदार को निविदा में आने पर निविदा को स्वीकृत कर दिया। पूछने पर फिर से अपनी विवेक की पावर को बताया। जबकि पूर्व सभासद ने मामले में आपत्ति दर्ज कराई है। ऐसे में साफ तौर पर पता चलता है कि नगर पालिका में पक्षपात और परिवार वाद वालों को टेंडर प्रक्रिया में बढ़ावा दिया जा रहा है। जिसे कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी।
इस मामले में अधिशासी अधिकारी अंकित जोशी का कहना है कि सभी प्रक्रियाएं नियम अनुसार की गई है। आरोप बेबुनियाद है।










