


Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:लाखों लोगों के आस्था के केंद्र रहने वाले मां गंगा के तट त्रिवेणी घाट पर नगर निगम की पार्किंग में ठेकेदार शुल्क वसूली में खुलेआम लूट कर रहा है। चालक जब इस लूट का विरोध कर रहे हैं तो पार्किंग कर्मचारी झगड़ा करने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं। सोशल मीडिया पर अवैध पार्किंग वसूलने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। वाहन चालकों ने नगर निगम से अवैध पार्किंग शुल्क वसूलने पर रोक लगाने की मांग की है।
बता दें कि नगर निगम की शर्तों के मुताबिक त्रिवेणी घाट स्थित नगर निगम की पार्किंग में आने वाले फोर व्हीलर वाहन चालक को पहले घंटे के लिए 30 रुपए का शुल्क अदा करना होता है। 1 घंटे से अधिक विलंब होने पर 24 घंटे तक के लिए यह शुल्क 100 रुपए तक देना होता है। लेकिन ठेकेदार अपनी मनमर्जी से पार्किंग में आने वाले फोर व्हीलर वाहन चालक से पहले ही 100 रुपए का शुल्क वसूल कर रहा है। यही नहीं कर्मचारी अपनी जेब भरने के लिए कई फोर व्हीलर वाहन चालकों को पार्किंग शुल्क की रसीद भी नहीं दे रहे हैं। इसके अलावा पार्किंग स्थल से हटकर मां गंगा के किनारे वाले घाट पर भी अवैध रूप से दो पहिया वाहनों की पार्किंग ठेकेदार करवा रहा है। जिससे गंगा घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। अवैध रूप से कराई जा रही दोपहिया वाहनों की पार्किंग से ठेकेदार तो चांदी काट रहा है लेकिन नगर निगम को राजस्व का नुकसान हो रहा है। यही नही दोपहिया वाहनों से 10 रुपए के बदले 20 रुपए का पार्किंग शुल्क वसूल कर लूट मचाई जा रही है। सोशल मीडिया पर इस अवैध पार्किंग शुल्क को लेकर भी लोगों ने अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। लोगों ने नगर निगम से अवैध पार्किंग शुल्क वसूलने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
नगर आयुक्त शैलेंद्र सिंह नेगी के संज्ञान में भी अवैध पार्किंग शुल्क वसूलने का मामला आ गया है। नगर आयुक्त ने कहा कि जांच के बाद एक्शन लिया जाएगा।

