






Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:श्यामपुर के लक्कड़घाट की गली नंबर तीन में पूर्ति विभाग की टीम ने गैस की कालाबाजारी का बड़ा पर्दाफाश किया है। टीम ने पांच-दस नहीं, बल्कि 146 घरेलू व व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। पांच बिजली की मोटर चलित रिफिलिंग किट, रिफिल करने वाली 15 बांसुरी और एक इलैक्ट्रिक तराजू भी बरामद किया है। पूर्ति निरीक्षक की शिकायत पर पुलिस ने गैस की कालाबाजारी करने वाले अज्ञातों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी धरपकड़ को प्रयास तेज कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक सीएम पोर्टल पर ऋषिकेश स्थित लक्कड़घाट में गैस की कालाबाजारी की शिकायत की गई। जिस पर पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली और शिवमोहन भट्ट ने टीम के साथ लक्कड़घाट की गली नंबर तीन में एक निर्माणाधीन भवन पर छापा मारा। टीम को देखते ही अज्ञात युवक उन्हें चकमा देकर मौके से फरार होने में कामयाब रहे। टीम निर्माणाधीन भवन में दाखिल हुई, तो अंदर घरेलू व व्यावसायिक गैस सिलेंडर का जखीरा देख उनके होश उड़ गए। भवन में उन्हें 71 व्यावसायिक और 12 घरेलू गैस सिलेंडर मिले। जबकि नजदीक ही दो लोडर वाहनों में 63 व्यवासायिक गैस सिलेंडर और बरामद हुए। कुल 146 सिलेंडरों को जब्त कर टीम ने उन्हें ऋषिकेश की त्रिवेणी गैस एजेंसी के गोदाम में सुरक्षित रखवाया। जबकि लोडर वाहनों को भी क्रेन के माध्यम से आईडीपीएल की पुलिस चौकी पहुंचाया गया।
कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली की तहरीर पर मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। बता दे कि गैस की कालाबाजारी का यह वह अड्डा पकड़ा गया है जो कभी भी लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकता था।










