
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:ऋषिकेश से गंगानगर इलाके से एक ऐसा मामला सामने आया है जहां NRI के मकान की संपत्ति पर केयरटेकर ने हीं कूटरचित दस्तावेज तैयार कर अपने नाम करने की कोशिश की।मौत के बाद केयरटेकर की पत्नी और उसके बच्चों ने इस षड्यंत्र को आगे बढ़ाया और संपत्ति को अपने नाम कर लिया। फिलहाल डीएम (DM) को दी गई शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर संबंधित लोगों के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई शुरू की है।
पुलिस के मुताबिक गंगानगर में संपत्ति संख्या 541 के मूल स्वामी रमेश कुमार हैं। जो बीमार होने के कारण डेनमार्क में अपने बेटे के पास रह रहे हैं। उन्होंने अपनी संपत्ति का एक हिस्सा किराएदारी और केयरटेकर के रूप में मदनलाल शर्मा को दिया था। लेकिन मदनलाल शर्मा ने मकान मालिक की गैर हाजिरी में षड्यंत्र रचा और 100 रुपए के फर्जी स्टांप पेपर पर कूट रचित दस्तावेज तैयार किये और नगर निगम से संपत्ति को अपने नाम दर्ज करवा लिया । इस बीच 8 जनवरी 2021 को मदन लाल की एम्स में बीमारी से मौत हो गई। जिसके बाद उनकी पत्नी मुक्तेश देवी, बेटा मनीष शर्मा,करुण शर्मा और बेटी मीनाक्षी शर्मा ने इस षड्यंत्र को आगे बढ़ाया और किसी तरह नगर निगम से संपत्ति को अपने नाम दर्ज करा लिया।
20 जुलाई 2023 को यह जानकारी विदेश बैठे संपत्ति मालिक रमेश कुमार को पता चली। तब उन्होंने साई विहार कॉलोनी निवासी प्रमोद कुमार नौटियाल को पावर ऑफ अटॉर्नी देते हुए मामले में कार्रवाई के लिए कहा। प्रमोद कुमार ने डीएम को शिकायत देकर पूरी जानकारी से अवगत कराया। कोरोना के बाद से अब तक का 5 लाख का किराया हड़पने का आरोप भी लगाया। शिकायत के आधार पर मामला नगर निगम और पुलिस के पास पहुंचा। पुलिस ने मृतक मदन लाल शर्मा, उनकी पत्नी, बेटे और बेटी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में अग्रिम जांच और कार्रवाई शुरू की है।


