
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:काली मंदिर कर पास रानी पोखरी से ऋषिकेश की ओर आ रहे एक अनियंत्रित डंपर के कार पर पलटने से हड़कंप मच गया। यह हादसा काली मंदिर के समीप हुआ, जहां पत्थरों से लदा डंपर अचानक संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे खड़ी एक कार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के वक्त कार में चार युवक सवार थे। गनीमत यह रही कि डंपर के पलटने के बावजूद चारों युवकों को किसी भी प्रकार की चोट नहीं आई।
हालांकि, डंपर के भारी वजन के कारण कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। डंपर के सड़क के बीचों-बीच पलटने से मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डंपर चालक को हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया गया है। क्षतिग्रस्त कार को क्रेन की सहायता से हटाकर ऋषिकेश कोतवाली पहुंचाया गया। बड़ी क्रेन के माध्यम से पलटे हुए डंपर को सड़क किनारे करने के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को सुचारू रूप से संचालित करना शुरू कर दिया है।
कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है कि हादसा वाहन की तकनीकी खराबी के कारण हुआ या ड्राइवर की लापरवाही से। फिलहाल क्षतिग्रस्त हुई कार सवार युवकों की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलती है तो अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।


