





Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। रानीपोखरी क्षेत्र के बड़कोट निवासी भगवान सिंह चौहान उर्फ बिट्टू को कांग्रेस सेवादल में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें कांग्रेस सेवादल का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है।
कांग्रेस सेवादल की प्रदेश अध्यक्ष हेमा पुरोहित ने भगवान सिंह चौहान को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए उन्हें संगठन में नई जिम्मेदारी दी। प्रदेश उपाध्यक्ष का दायित्व मिलने के बाद कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया और मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष हेमा पुरोहित ने कहा कि रानीपोखरी क्षेत्र से जुड़े भगवान सिंह चौहान को प्रदेश संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि चौहान संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ पार्टी की गतिविधियों को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
भगवान सिंह चौहान ने नई जिम्मेदारी मिलने पर पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए संगठन की मजबूती के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने की बात कही। उन्होंने कहा कि संगठन ने जो विश्वास उन पर जताया है, उसे जिम्मेदारीपूर्वक निभाने का प्रयास करेंगे।
उनकी नियुक्ति के बाद स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखा गया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदेश संगठन में रानीपोखरी क्षेत्र को प्रतिनिधित्व मिलने से स्थानीय स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।








