





Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। युवा कांग्रेस ऋषिकेश विधानसभा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ-साथ आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष रवि थापा और युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव दीपक वर्मा ने की।
बैठक में संगठन के विस्तार, अधिक से अधिक युवाओं को कांग्रेस संगठन से जोड़ने, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्ययोजना तैयार करने पर विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि मजबूत संगठन और सक्रिय कार्यकर्ता ही किसी भी राजनीतिक संगठन की जमीनी ताकत होते हैं।
विधानसभा अध्यक्ष रवि थापा ने कहा कि युवा कांग्रेस को ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक बूथ तक मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस का उद्देश्य केवल चुनाव के समय सक्रिय होना नहीं, बल्कि पूरे वर्ष युवाओं और आम जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को उठाना है।
प्रदेश महासचिव दीपक वर्मा ने संगठन विस्तार को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवाओं को कांग्रेस की विचारधारा और संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने की दिशा में काम शुरू किया गया है।
बैठक के दौरान आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा की गई। इस दौरान जिला प्रभारी वंदना राही, उत्कर्ष वालिया, जिला उपाध्यक्ष विशाल, जिलाध्यक्ष गौरव भारती और हिमांशु कश्यप सहित युवा कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में पदाधिकारियों ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ने पर जोर दिया। आगामी दिनों में बूथ स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम और संगठनात्मक गतिविधियां संचालित करने की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।







