Nitya Samachar UK
ऋषिकेश, 6 अगस्त। छिद्दरवाला में बिना वैध दस्तावेजों के संचालित अवैध नशा मुक्ति केंद्र को बंद किए जाने के बाद क्षेत्रीय लोगों ने ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल का आभार व्यक्त किया। पूर्व ग्राम प्रधान सोबन सिंह कैंतुरा के नेतृत्व में स्थानीय नागरिक ऋषिकेश स्थित विधायक के कैंप कार्यालय पहुंचे और उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर धन्यवाद ज्ञापित किया।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि अवैध रूप से संचालित इस नशा मुक्ति केंद्र के कारण क्षेत्र में कई प्रकार की समस्याएं उत्पन्न हो रही थीं। स्थानीय लोगों में लंबे समय से इसे लेकर चिंता और असंतोष था। उन्होंने बताया कि विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों के माध्यम से कार्रवाई सुनिश्चित कराई गई, जिसके बाद केंद्र को बंद किया गया और क्षेत्र के लोगों को राहत मिली।
इस अवसर पर विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनहित, कानून व्यवस्था और क्षेत्र की शांति बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा जनता से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस दौरान उप प्रधान जोगीवाला माफी उत्तम भंडारी, संदीप कालूरा, विजय सिंह तयाल, हरदीप भंडारी, ललिता बगियाल, माहेश्वरी मेहर, रमेश भंडारी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

