Nitya Samachar UK
ऋषिकेश/मोहनचट्टी। क्रिएटिव ग्रुप ऑफ चैरिटी कला सामाजिक संस्था ने समाज सेवा की अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए इंटरमीडिएट विद्यालय मोहनचट्टी के जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक सामग्री एवं जूतों का वितरण किया। संस्था के समाजसेवी बिपिन कैन्थोला ने बच्चों को कॉपियां और जूते भेंट कर शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। शैक्षणिक सामग्री प्राप्त कर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिपिन कैन्थोला ने कहा कि शिक्षा किसी भी राष्ट्र की प्रगति की आधारशिला है और प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना पूरे समाज की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण कई प्रतिभाशाली बच्चे पढ़ाई के लिए जरूरी सामग्री से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में समाज के छोटे-छोटे सहयोग भी उनके भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने बताया कि संस्था शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न सेवा कार्यों में लगातार सक्रिय है तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे। संस्था का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना और बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक प्रयास बच्चों में पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें आगे बढ़ने की नई प्रेरणा देते हैं। उन्होंने बिपिन कैन्थोला एवं संस्था के सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सहयोगात्मक कार्यक्रम समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।
कार्यक्रम में संस्था के सचिव प्रवीन रावत, पीटीए अध्यक्ष विनोद जुगरान, विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश डबराल, अनिता बौठियाल, गौरव कांत तथा विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने संस्था और उसके पदाधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए जनहित में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की।
यह आयोजन सामाजिक सहयोग, शिक्षा के प्रति जागरूकता और जरूरतमंद बच्चों के प्रति संवेदनशीलता का एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया।

