
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:ऋषिकेश में एक बार फिर चोरों का आतंक देखने को मिला है। शहर कोतवाली से महज 50 कदमों की दूरी पर बैखोफ चोरों ने न्यू कैलाश मेडिकल स्टोर की दुकान के ताले तोड़कर गल्ले में रखी करीब 15 हजार की नगदी साफ की है। जबकि बगल में पुष्कर मेडिकल स्टोर में चोरी का प्रयास किया है।
ताले न कटने की वजह से चोर इस मेडिकल स्टोर के अंदर नहीं घुस सके। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। जिसमें एक चोर मेडिकल स्टोर के बाहर सोने के बहाने शटर में लगे तालों को काटता हुआ दिखाई दिया है। जबकि उसके दो साथी स्कूटी पर बैठकर निगरानी करते हुए देखे गए हैं। सुबह कैलाश मेडिकल स्टोर का आधा शटर उठा हुआ दिखाई देने पर इस चोरी का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही मेडिकल स्टोर संचालक मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी देकर मौके पर बुलाया। पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है।
कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक भारत सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। चोरों की पहचान कर उनकी धर पकड़ के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।वहीं इस घटना के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर व्यापारियों ने सवाल खड़े किए हैं। क्योंकि यह चोरी कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर हुई है।



