
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। आज के दौर में जहां लोग खोई हुई चीज मिलने पर उसे वापस करने से कतराते हैं, वहीं ऋषिकेश के जय प्रकाश जाटव ने ईमानदारी की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसकी हर कोई सराहना कर रहा है।
जानकारी के अनुसार, ग्रेटर नोएडा निवासी मोहित चौहान ऋषिकेश घूमने आए थे। इस दौरान उनका महंगा मोबाइल फोन कहीं गुम हो गया। फोन खोने के बाद मोहित काफी परेशान हो गए और उसे तलाशने में जुट गए, लेकिन सफलता नहीं मिली।
इसी बीच यह मोबाइल ऋषिकेश निवासी जय प्रकाश जाटव को मिला। फोन मिलने के बाद जय प्रकाश ने बिना किसी लालच के उसके मालिक का पता लगाने का प्रयास किया। काफी कोशिशों के बाद उन्होंने मोहित चौहान से संपर्क किया और उनका मोबाइल सुरक्षित वापस लौटा दिया।
अपना कीमती फोन वापस पाकर मोहित चौहान की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने जय प्रकाश की ईमानदारी और नेकदिली की जमकर प्रशंसा की। मोहित ने कहा कि आज के समय में इस तरह की ईमानदारी बहुत कम देखने को मिलती है और जय प्रकाश ने यह साबित कर दिया कि इंसानियत और नैतिकता आज भी जीवित हैं।
जय प्रकाश जाटव के इस सराहनीय कार्य की स्थानीय लोगों ने भी खूब तारीफ की है। लोगों का कहना है कि उनके इस कदम से न केवल एक व्यक्ति का भरोसा लौटा है, बल्कि ऋषिकेश का नाम भी सम्मान के साथ रोशन हुआ है।जय प्रकाश की यह ईमानदारी समाज के लिए एक प्रेरणा है, जो यह संदेश देती है कि सच्चाई और नेकनीयती से बड़ा कोई धन नहीं होता।



