







Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:ऋषिकेश और उसके आस पास के क्षेत्र में हो रहे अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का अभियान तेज हो गया है। एसडीएम के निर्देशों का पालन करते हुए मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण की टीम ने पुलिस बल के साथ मिलकर विभिन्न क्षेत्रों में चार प्रमुख अवैध निर्माणों को सील करने की कार्रवाई की है। सीलिंग की इस कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में किसी भी प्रकार के विरोध की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। प्रशासन के अनुसार इन सभी निर्माण कार्यों में नियमों का उल्लंघन पाया गया था। जिसके बाद एसडीएम आदेशानुसार इन्हें सील करने की कार्रवाई की गई है।
MDDA के AE अभिषेक भारद्वाज ने बताया की SDM योगेश मेहरा के आदेश पर अवैध निर्माणों पर कार्यवाही करते हुए चार बिल्डिंग सील की गई है, जिन चार बिल्डिंगों को सील किया गया है उनमें तीन बिल्डिंग विस्थापित कॉलोनी निर्मल बाग में बनाई गई हैं। इनके मालिकों के नाम अमर, सुमित मल्होत्रा, जय चौहान है। जबकि हरिद्वार रोड स्थित पुरानी चुंगी के पास आलोक एवं संजय गोयल की बिल्डिंग को सील किया गया है।उन्होंने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी बिना मानचित्र स्वीकृति और अवैध रूप से किए जा रहे निर्माणों पर इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
बता दें कि एक के बाद एक अवैध निर्माण के खिलाफ हो रही कार्रवाई से अवैध बिल्डिंग बनाने वाले संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। वह अपनी अवैध बिल्डिंग को सील होने की कार्रवाई से बचा के लिए सफेद पोशों के चक्कर लगा रहे हैं.
प्राधिकरण की टीम में सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, अवर अभियंता अमित भारद्वाज, अवर अभियंता पूनम सकलानी और सुपरवाइजर मौजूद रहे।











