






Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने फर्जी तरीके से जमीन का बैनामा करने के मामले में वर्ष 2021 से फरार चल रही एक महिला आरोपी को रुड़की से गिरफ्तार किया है। जिसे पुलिस ने न्यायालय में पेश करने के लिए भेज दिया है। मामले में पुलिस ने अग्रिम जांच और कार्रवाई शुरू कर दी है।
ऋषिकेश कोतवाली पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला का नाम ममता शर्मा पत्नी देवेंद्र कुमार शर्मा निवासी दौलतपुर मेरठ उत्तर प्रदेश है। कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक भारत सिंह रावत ने बताया कि वर्ष 2021 में गुड़गांव निवासी निकुंज गोयल ने एक मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें आरोप लगाया गया था कि उनकी माता रीता रानी की गैर मौजूदगी में एक महिला ने खुद को रीता रानी बताकर उनकी जमीन का बैनामा कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर कर दिया है। इस मुकदमे में हरकेश कुमार, मुकेश कुमार प्रजापति, हरिओम सक्सेना, अंकुर दत्त शर्मा और राजेश कुमार का नाम शामिल था। जबकि जांच में खुद को रीता रानी बताने वाली महिला की पहचान अंकुर दत्त शर्मा की मां ममता शर्मा के रूप में हुई थी। यह खुलासा होने के बाद से ममता शर्मा पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए फरार हो गई। पुलिस समय-समय पर संबंधित ठिकानों पर दबिश देती रही, लेकिन ममता शर्मा पुलिस से बचने के लिए ठिकाने बदलती रही।
कड़ी सुरागसी और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ममता शर्मा को रुड़की से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। श्यामपुर चौकी प्रभारी सुमित चौधरी ने ममता शर्मा को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया है।










