







Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:तीर्थनगरी में हादसों से सबक न लेने की जैसे परंपरा सी बन गई है। हरिद्वार रोड स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति के मुख्य गेट के सामने एक बार फिर से भारी अतिक्रमण हो गया है। सरकारी नाले के ऊपर और नेशनल हाईवे के किनारे बेखौफ तरीके से किए जा रहे इस अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी हो गई है। जिससे यहां हर वक्त जाम की स्थिति बनी रहती है।
हैरानी की बात यह है कि कुछ दिनों पहले ही आईडीपीएल क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकराकर कार सवार चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस भीषण हादसे के बाद भी प्रशासन की नींद नहीं खुली है। मंडी समिति के पास जिस तरह से अवैध कब्जे हो रहे हैं, वे किसी भी वक्त बड़े हादसे को न्योता दे सकते हैं। कृषि उत्पादन मंडी समिति का यह गेट और आसपास का क्षेत्र ट्रैफिक के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जाता है। यहाँ ट्रकों और अन्य मालवाहक वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। ऐसे में नाले के ऊपर अतिक्रमण और सड़क घेरे जाने से पैदल चलने वालों और वाहन चालकों के लिए जोखिम बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्रवाई न होने के कारण अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं। अधिकारियों की नजरें इनायत और सुस्त कार्यप्रणाली यह संकेत दे रही है कि विभाग को शायद किसी और बड़े हादसे का इंतजार है। बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन चार युवकों की मौत को महज एक आंकड़ा मान चुका है। आखिर कब तक नियमों को ताक पर रखकर लोगों की जान से खिलवाड़ होता रहेगा। यदि प्रशासन ने जल्दी ही कार्रवाई नहीं की तो यहां अतिक्रमण करने वालों की संख्या और तेजी से बढ़ेगी। जिसका खामियाजा प्रशासन की टीम को अतिक्रमण हटाने के दौरान भुगतना पड़ेगा।











