
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:लक्ष्मण झूला के नाव घाट पर रविवार आधी रात को एक अधेड़ महिला और एक युवक अचानक गंगा में डूबने लगे। जानकी सेतु के पास पुलिस रात को गस्त पर थी। गंगा के किनारे कुछ दूरी पर एक युवक जीवन के लिए संघर्ष करता मिला। पुलिस ने उसे पानी से बाहर निकाला और स्थानीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। पूछताछ के बाद जो मामला सामने आया वह अपनों से मिले धोखे और जीवन के संघर्ष जुड़ा निकला। पुलिस के अनुसार अत्यधिक कर्ज से परेशान मां और बेटे ने गंगा में छलांग लगाई थी। युवक की मां अब तक लापता है। यह परिवार ग्वालियर मध्य प्रदेश का रहने वाला है। आधी रात की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
लक्ष्मणझूला पुलिस के मुताबिक युवक यश श्रीधर (26 वर्ष) निवासी ग्वालियर, मध्यप्रदेश अपनी मां बीना श्रीधर के साथ ऋषिकेश पहुंचा और रविवार देर रात करीब बारह बजे उसने नाव घाट से गंगा में छलांग लगा दी। युवक जानकी सेतू के पास पत्थरों में अटक गया और किसी तरह उसे बचाया गया। जबकि उसकी मां बीना श्रीधर गंगा के तेज बहाव में बह गई। लक्ष्मणझूला पुलिस एसडीआरएफ और जल पुलिस बीना श्रीधर की तलाश कर रही है।
थानाध्यक्ष लक्ष्मण झूला संतोष पैथवाल ने बताया कि युवक पूरी तरह से स्वस्थ है। पूछताछ में युवक ने बताया कि उस पर करीब पचास लाख रुपए का कर्जा है। इतनी कम उम्र में कर्जे से परेशान युवक डिप्रेशन में चला गया। युवक के पिता महेश श्रीधर ने दो शादियां की थी। युवक अपनी मां का इकलौता बेटा था। वर्ष 2023 में पिता की मौत के बाद युवक की मदद करने वाला कोई नहीं था। पिता ने भी सारी संपत्ति अपने दूसरे पुत्रों के नाम कर दी थी। मां और बेटे को कुछ नहीं मिला। युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। ऋषिकेश में आत्महत्या का प्रयास करने से पहले युवक और उसकी मां ने हरिद्वार में भी जान देने का प्रयास किया था।
थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक ने यह कदम उठाने से पहले अपने मोबाइल की गैलरी और रिसायकल बिन डिलीट कर दिया था। सोशल मीडिया पर भी उसने अपने अकाउंट को समाप्त कर दिया था। उन्होंने बताया कि सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से इस युवक का पुनर्वास करने का प्रयास किया जा रहा है। उसकी निरंतर काउंसलिंग की गई अब उसकी स्थिति सामान्य है।